कानपुर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 


कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर-सागर हाईवे पर गुरुवार को कुश्मांडा देवी मंदिर के पास ओवरटेक कर रहे एक डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मृतक की पहचान रघुनाथपुर गांव निवासी दीपक पटारा (38) के रूप में हुई है। वह विकासखंड के पहेटा गांव में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुश्मांडा देवी मंदिर के पास सामने से आ रहे डंपर ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप