पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
जौनपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के फरीदाबाद स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के सामने बुधवार काे पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी रंजीत सोनकर बुधवार काे अपनी बाइक से नई मंडी स्थित चौकियां फल मंडी जा रहे थे। जौनपुर-शाहगंज-लुंबिनी मार्ग पर फरीदाबाद स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक पिकअप की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों के मुताबिक, रंजीत की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव