साइकिल से टकराई बाइक हुई अनियंत्रित, युवक की मौत

 


बिजनौर, २७ मार्च (हि.स.)। जनपद बिजनौर की शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुरी में गुरुवार देर रात बाइक की साइकिल से हुई टक्कर में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बिजनौर से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था तभी उसकी बाइक साइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी रावली निवासी कोमल (36) पुत्र बलराम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि गांव के ही सतीश पुत्र राम सिंह की साइकिल अचानक उसकी बाइक के सामने आ गई।

साइकिल से टकराने के बाद कोमल की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कोमल राजमिस्त्री के पास मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक बच्चा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। कोमल की शादी को पांच साल हुए थे। थाना प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है|

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र