जदयू नेता निशांत कुमार ने काशी में की बैठक, उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार के लिये 25 अक्टूबर को हाेगा राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
-बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के वाराणसी दौरे से पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित
वाराणसी, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विभिन्न सियासी दलों ने संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) भी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन के विस्तार की तैयारी में जुट गया है। पार्टी ने इसकी शुरुआत काशी से करने की रणनीति बनाई है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के दो दिवसीय वाराणसी दौरे से जदयू कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया। रविवार देर शाम उन्होंने पार्टी के स्थानीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के कोरौता बाजार स्थित मैदान में जदयू उत्तर प्रदेश का राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय कुमार झा, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा बिहार जदयू विधायक दल के नेता और बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी श्रवण कुमार के शामिल होने का कार्यक्रम है। सम्मेलन की अध्यक्षता जदयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल करेंगे।
जदयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप ने सोमवार को बताया कि सम्मेलन पूर्वाह्न 11 बजे कोरौता मैदान, चांदपुर-भदोही रोड पर होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं संयोजक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
यूपी में एनडीए के साथ मजबूती से खड़े रहने का दावा
निशांत कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जदयू संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। बिहार में एनडीए सरकार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में एनडीए की सरकार काम कर रही है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी जदयू एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
काशी से भावनात्मक जुड़ाव का किया जिक्र
वाराणसी से अपने पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि वह कई वर्ष पहले अपने पिता नीतीश कुमार के साथ वाराणसी आए थे। उन्होंने बताया कि पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम आश्रम उनके कुल गुरु का आश्रम भी है। उन्होंने कहा कि काशी से उनका पुराना भावनात्मक जुड़ाव है और यहां आकर वह और अधिक भावुक हो गए।
निशांत कुमार ने कहा कि आने वाले समय में वह काशी से अपने जुड़ाव को और मजबूत करने का प्रयास करते रहेंगे। इस दौरान जदयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव जय प्रकाश पटेल, प्रदेश सचिव संतोष कुमार पटेल, वाराणसी जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष रामेश्वर सिंह, भदोही जिलाध्यक्ष सर्वेश राय और बीएचयू के डॉ. श्वेतांक मिश्र समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी