UP में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत : नेगेटिव बैलेंस पर भी 1KW तक 30 दिन नहीं कटेगा कनेक्शन, 2KW वालों को भी छूट

लखनऊ। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अहम फैसला लिया है। अब 1 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह निर्णय खासतौर पर बढ़ती गर्मी में उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
 

लखनऊ। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अहम फैसला लिया है। अब 1 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव होने पर भी 30 दिनों तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह निर्णय खासतौर पर बढ़ती गर्मी में उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।

1 किलोवाट उपभोक्ताओं को सबसे बड़ी राहत
ऊर्जा मंत्री के निर्देश के अनुसार, 1KW तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का पूरा बिलिंग चक्र (30 दिन) पूरा होने से पहले किसी भी हालत में कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस माइनस में क्यों न चला जाए। इससे लाखों छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा।

2 किलोवाट उपभोक्ताओं को भी छूट
सरकार ने 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत दी है। अब ₹200 तक के नेगेटिव बैलेंस पर इनका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इससे मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।

कनेक्शन काटने से पहले 5 SMS अनिवार्य
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नया नियम लागू किया गया है, जिसके तहत किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले 5 अनिवार्य SMS अलर्ट भेजे जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को समय रहते भुगतान करने का मौका मिलेगा और अनावश्यक परेशानी से बचाव होगा।

गर्मी को देखते हुए सख्त निर्देश
भीषण गर्मी के मद्देनज़र मंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

बिजली ढांचे को किया गया मजबूत
सरकार ने बताया कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया गया है। अब तक करीब 30 लाख नए बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता में भी व्यापक वृद्धि की गई है।

देश में बिजली आपूर्ति में यूपी आगे
मंत्री ए के शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गर्मी के मौसम में भी प्रदेशवासियों को बिजली की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी।

सरकार के इस फैसले से आम उपभोक्ताओं, खासकर छोटे और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।