बारिश और पिच की चुनौती के बीच बड़ा फैसला: यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले अब इकाना स्टेडियम में

कानपुर। लगातार बारिश और ग्रीन पार्क स्टेडियम की पिच के बदलते मिजाज को देखते हुए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के प्लेऑफ मुकाबलों को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल इस संबंध में ग्रीन पार्क स्टेडियम में शाम साढ़े छह बजे पत्रकार वार्ता के दौरान आधिकारिक जानकारी साझा करेगी।
 

रिपोर्ट: अभिषेक अर्जुन सिंह
स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट | Live VNS

कानपुर। लगातार बारिश और ग्रीन पार्क स्टेडियम की पिच के बदलते मिजाज को देखते हुए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के प्लेऑफ मुकाबलों को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल इस संबंध में ग्रीन पार्क स्टेडियम में शाम साढ़े छह बजे पत्रकार वार्ता के दौरान आधिकारिक जानकारी साझा करेगी।

कानपुर चरण के दौरान रुक-रुककर हो रही बारिश ने लीग के कार्यक्रम को प्रभावित किया है। वहीं, अब तक खेले गए मुकाबलों में पिच पर देखने को मिले अनियंत्रित उछाल को लेकर भी चिंता जताई गई है। खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्लेऑफ मुकाबलों को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत लखनऊ के इकाना स्टेडियम से हुई थी, जहां लीग चरण के 22 मुकाबले खेले गए थे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया गया। यहां कुल 12 मुकाबले प्रस्तावित थे, लेकिन मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है।

ग्रीन पार्क में अब तक दूसरे चरण के पांच निर्धारित मुकाबलों में से चार ही पूरे हो सके हैं, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ चुका है। ऐसे में आगे होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों में बारिश की संभावना और पिच की परिस्थितियों को देखते हुए गवर्निंग काउंसिल ने वैकल्पिक व्यवस्था पर तेजी से काम शुरू कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, 1 सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में लीग चरण के अंतिम दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 3 बजे मेरठ मैवेरिक्स और काशी रुद्रास के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7 बजे कानपुर सुपरस्टार्स और गोरखपुर लायंस के बीच खेला जाएगा।

इसके बाद 2 सितंबर को छह टीमों और ब्रॉडकास्ट टीम के लखनऊ रवाना होने की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, इकाना स्टेडियम में 3 सितंबर को क्वालीफायर और एलिमिनेटर, 4 सितंबर को क्वालीफायर-2, जबकि 6 सितंबर को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

अब सभी की नजर गवर्निंग काउंसिल की पत्रकार वार्ता पर टिकी है, जहां प्लेऑफ मुकाबलों के आयोजन स्थल और आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की उम्मीद है।