डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक नगर पंचायत कार्यालय, एसडीएम व विधायक ने किया भूमि पूजन

 


बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जनपद के नगर तुलसीपुर में नगरवासियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया नगर पंचायत कार्यालय मिलने जा रहा है। लगभग 40 वर्ष पुराने जर्जर नगर पंचायत भवन के स्थान पर करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला तथा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया है।

उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत ने बताया कि पुराना नगर पंचायत भवन काफी जर्जर और अनुपयोगी हो चुका था, जिससे कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। शासन से नए भवन की स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्य अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित किए जा सकेंगे।

विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए नगर पंचायत भवन के निर्माण से नगरवासियों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी तथा विकास कार्यों के संचालन में भी तेजी आएगी। उन्होंने आशा जताई कि भवन का निर्माण निर्धारित समय में पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत एवं विधायक कैलाश नाथ शुक्ला का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर सभासद विवेक मोदीवाल, शिव कुमार, निजाम अहमद, मुनव्वर, अशोक गुप्ता, अरशद इसरार, मुशाहिद अली सहित नगर पंचायत के सभी वार्डों के सभासद, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रभाकर कसौधन

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन