मीरजापुर : 21 अगस्त को बरकछा आएंगे बीएचयू कुलपति, टेलीमेडिसिन सेवा का करेंगे शुभारंभ

 


मीरजापुर, 18 अगस्त (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी 21 अगस्त को राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा का दौरा करेंगे। कुलपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर परिसर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू करने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे।

कुलपति दक्षिणी परिसर स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल भवन के प्रथम तल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में टेलीमेडिसिन सेवा की शुरुआत करेंगे। इस सुविधा के शुरू होने से दक्षिणी परिसर में रहने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से दूरस्थ माध्यम से परामर्श मिल सकेगा। इससे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी।

दौरे के दौरान कुलपति परिसर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। वह विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, अनुसंधान और नवाचार को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान भी करेंगे।

दक्षिणी परिसर में टेलीमेडिसिन सुविधा की शुरुआत को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे परिसर में उपलब्ध प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह का सहयोग मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा