फर्रुखाबाद: भाकियू का समस्याओं को लेकर धरना नौवें दिन भी जारी

 


फर्रुखाबाद, 01 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में ग्राम सभा बराकेशव में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। किसानों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। रात में भी महिलाएं और बच्चे धरना स्थल पर मौजूद रहे।

धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि यदि किसान एकजुट हो जाएं तो कोई भी सरकार या अधिकारी उनका उत्पीड़न नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों की खड़ी फसल बर्बाद कर दी। इसके बावजूद जिला चकबंदी अधिकारी की ओर से किसानों और महिलाओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई। उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि देश का पेट भरने वाले किसानों पर ही मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

अजय कटियार ने कहा कि किसानों के बंटे होने का फायदा अधिकारी और राजनीतिक लोग उठाते हैं। उन्होंने किसानों से जातियों में न बंटकर सिर्फ किसान के रूप में एकजुट रहने और राजनीतिक लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब किसानों पर संकट आता है तो वोट मांगने वाले राजनीतिक लोग नजर नहीं आते। उन्होंने किसानों से अपील की कि चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले नेताओं से अपने सवालों का जवाब जरूर मांगें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री तीन सितंबर को फर्रुखाबाद आ रहे हैं। उनके जनपद आगमन पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराने का प्रयास करेगा।

इस दौरान औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीन लिए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई गांवों की करीब 80 प्रतिशत भूमि औद्योगिक गलियारे की जद में आने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सरकार की मंशा क्या किसानों को भूमिहीन करने की है? किसान अपने बच्चों को मजदूर बनते नहीं देखना चाहता। उन्होंने कहा कि अब जनपद का किसान अपनी जमीन देने से पहले अपने भविष्य के बारे में जरूर सोचेगा।

कार्यक्रम का संचालन भाकियू टिकैत के कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की। इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला सचिव सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, ब्लाक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, बड़े यादव, जगन्नाथ शाक्य, अजीत सोमवंशी, प्रेमचंद्र दद्दा, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar