मातृ शक्ति के हित में डबल इंजन सरकार ने किए कई उल्लेखनीय कार्य : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। मातृ शक्ति के हित में डबल इंजन सरकार ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अब महिला मोर्चा की जिम्मेदारी है कि वह इन योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाए। उक्त बातें शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिविल लाइन स्थित महानगर कार्यालय में महिला मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, महिला हेल्पलाइन 181, लखपति दीदी और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। महिला आरक्षण विधेयक पर भी जल्द होने वाली बहस की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। आगामी कार्यक्रमों के तहत नारी शक्ति पदयात्रा, सम्मेलन और हस्ताक्षर अभियान चलाने की योजना बनाई गई। संजय गुप्ता ने कहा कि 2027 को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को पूरी सक्रियता और मेहनत के साथ कार्य करना होगा।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की बैठक शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें बस्ती संपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई गई।

बैठक का संचालन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिखा रस्तोगी ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अर्चना शुक्ला, कुंज बिहारी मिश्रा, आनंद सोनकर, डॉ. शैलेश पांडेय, वंदना शर्मा, आभा सिंह, रीता सिंह, चंद्रा अहलूवालिया, प्रियंका पराशर, कंचनलता कुशवाहा, पार्षद स्वारिका भरद्वाज, दुर्गेश नंदिनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल