युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर जागरूक किया जाएगा : रोहित मिश्रा
कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। यह कोई चुनावी या राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है। युवा देश की ताकत हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर जागरूक किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कानपुर दौरे के दौरान कहीं।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा का मंगलवार को शहर आगमन पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गंगा पुल से शुरू हुआ स्वागत कार्यक्रम घंटाघर, श्यामनगर, जाजमऊ और यशोदानगर समेत कई इलाकों तक चला।
घंटाघर चौराहे पर रोहित मिश्रा ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधों पर बैठाकर प्रतिमा तक पहुंचाया। मंच से शांति और सद्भाव का संदेश देने के लिए कबूतर उड़ाए गए। कई स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।
यशोदानगर में क्रेन की सहायता से विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया, जबकि जाजमऊ में इक्यावन किलो की माला से उनका सम्मान किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित भी रहा।
पत्रकाराें से बातचीत में रोहित मिश्रा ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप