बुढ़वा मंगल पर हनुमान भक्ति के साथ भंडारा, ‘हनुमान अंश’ से जुड़ा सेवा का संदेश : देवराज बुधवानी

 


कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। हनुमान जी केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनकल्याण की प्रेरणा भी हैं। ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भी हनुमान जी के इन्हीं भावों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बुढ़वा मंगल पर भंडारे का आयोजन इसी भावना को आगे बढ़ाने की एक छोटी सी पहल है। परिवार में भंडारे और धार्मिक सेवा की परंपरा करीब 50 वर्षों से चली आ रही है, जिसे वर्ष 2022 से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। यह बातें मंगलवार को भंडारे के आयोजक देवराज बुधवानी ने कही।

बुढ़वा मंगल के अवसर पर स्वरूप नगर स्थित रेडियंस टाउन में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडाल में स्थापित प्रभु श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी की प्रतिमा के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। आयोजक देवराज बुधवानी ने हनुमान जी का पूजन किया और राम नाम का स्मरण करते हुए पूड़ी, सब्जी और बूंदी का भोग अर्पित किया।

पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए भंडारा शुरू किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। भंडारे के दौरान हनुमान जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ परिवार और समाज के सुख-समृद्धि की कामना की।

देवराज बुधवानी ने कहा कि हनुमान जी के जीवन और चरित्र से सेवा, साहस, समर्पण और जनकल्याण की प्रेरणा मिलती है। ‘हनुमान अंश’ फिल्म के माध्यम से भी इन्हीं भावनाओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से जरूरतमंदों और आम लोगों की सेवा भी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से बुढ़वा मंगल पर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर बीना, मनीषा, रश्मि, खुशबू, हीरानंद, देवराज, लोकेश, कृष्णा, ओम प्रकाश पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप