भक्ति और समर्पण से ही धन्य होता है मानव जीवन : गोल्डन गिरि महाराज
हमीरपुर, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर ब्लॉक के इंगोहटा के हिम्मत बाबा समाधि स्थल पर चल रहे महायज्ञ में गुरुवार काे उस समय आध्यात्मिक माहौल और भक्तिमय हो गया, जब महामंडलेश्वर मनोजानंद गोल्डन गिरि महाराज का आगमन हुआ।
भीषण गर्मी के बावजूद यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और संतों के दर्शन के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। महामंडलेश्वर गोल्डन गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन को सफल और धन्य बनाने का एकमात्र मार्ग ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण और सच्ची भक्ति है। उन्होंने लोगों से धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।महामंडलेश्वर के प्रथम आगमन पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुरु प्रताप सिंह, पालीवाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक निगम, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामसहोदर विश्वकर्मा तथा यज्ञ समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। महाराज जी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा