भादो छठ मेले में उमड़ी भीड़, 100 गांवों से पहुंचे श्रद्धालु

 




जौनपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा बाजार में रविवार को आयोजित ऐतिहासिक भादो छठ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही सूरजकुंड में स्नान के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम तक करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने सूरजकुंड में स्नान किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने शिव बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

मेले में आसपास के करीब 100 गांवों के अलावा आजमगढ़ और अंबेडकरनगर सहित अन्य जिलों से भी श्रद्धालु और दुकानदार पहुंचे। करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में फैले मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। गुड़ से बनी मिठाइयों, लकड़ी के घरेलू सामान और खिलौनों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ रही। बच्चों के साथ बड़ों ने भी लकड़ी से बने सामान और आकर्षक खिलौनों की खरीदारी की। देर शाम तक मेले में चहल-पहल बनी रही।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सूरजकुंड के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कोइरीडीहा और सिद्धिकपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया।भकुरा मोड़ पर शाम के समय अधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। कोइरीडीहा चौराहे से बड़े वाहनों को इटौरी-चकवां-पतहना मार्ग से भेजा गया। वहीं, कुकुड़ीपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को पुलिस ने करंजाकला-मल्हनी की तरफ वापस भेजा। रूट डायवर्जन के कारण खेतासराय और शाहगंज जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव