भदई अमावस्या स्नान पर्व को लेकर बांदा में यातायात व्यवस्था कड़ी, पैदल श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात में किया बदलाव

 


बांदा, 08 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भाद्रपद अमावस्या (भदई अमावस्या) स्नान पर्व के अवसर पर 10 व 11 सितम्बर को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश में बांदा जनपद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। बांदा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और वाहनों से चित्रकूट की ओर रवाना होंगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात में बदलाव करते हुए कई मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया है। भक्तों की सफल और सुरक्षित यात्रा को लेकर मंगलवार से ही ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने भदई अमावस्या को देखते हुए जनपद की यातायात व्यवस्था का आज शुभ निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न डायवर्जन प्वाइंटों और मार्गों का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यातायात पुलिस और संबंधित पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ ही डायवर्जन व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन करने के मातहत पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था के तहत बांदा से चित्रकूट जाने वाले भारी वाहनों पर अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन बिसंडा-पहाड़ी मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर सकेंगे। वहीं कबरई तिराहा, महोबा से मटौंध-बांदा-खुरहंड-अतर्रा-बदौसा एनएच-35 मार्ग पर भारी वाहनों का दिन-रात आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन कबरई तिराहा से खन्ना होते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।

पुलिस के अनुसार बांदा-बेदा घाट, बांदा-चिल्ला तथा बांदा-नरैनी-कालिंजर मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन सामान्य रहेगा। वहीं 08 और 09 सितंबर को बांदा-खुरहंड-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर भारी वाहनों के साथ बसों और चार पहिया वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध रहेगा। चित्रकूट जाने वाले चार पहिया वाहन बिसंडा-पहाड़ी मार्ग अथवा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे।

पैदल चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बांदा-खुरहंड-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग निर्धारित किया गया है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे अथवा अन्य वैकल्पिक मार्गों पर पैदल न चलने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं के पैदल यात्रा मार्ग पर भारी वाहन, बस और चार पहिया वाहन न ले जाने की भी अपील की गई है।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में यातायात व्यवस्था बाधित न होने पाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने में सहयोग किया जाए। उन्होंने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित डायवर्जन और यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि भदई अमावस्या स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह