बेतवा पुल हादसा : मृतकों के परिजनों को दी गई १०-१० लाख रुपये की सहायता
पुल बनाने वाली कंपनी ने हादसे में मारे गए छह लोगों के परिवारों को दी मदद
हमीरपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा पुल हादसे को लेकर रविवार को मैसर्स शेल्टर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स कंपनी ने मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई है। वहीं श्रम विभाग ने भी प्रत्येक मृतक के परिजनों को सवा लाख रुपये की मदद दिए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा शासन से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि भी पीड़ित परिवारों को दी जा चुकी है।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि प्रभावित परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी आच्छादित किया जा रहा है। दो पात्र परिवारों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30-30 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। स्वर्गीय राजेश पाल की पत्नी अनीता तथा स्वर्गीय पुष्पेन्द्र सिंह चौहान के पिता राजेन्द्र सिंह को इस योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा स्वर्गीय पुष्पेन्द्र सिंह चौहान के पिता राजेन्द्र सिंह को वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा स्वर्गीय राजेश पाल की पत्नी अनीता को निराश्रित महिला पेंशन योजना से लाभान्वित करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं स्वर्गीय राजेश पाल की दो पुत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। इस योजना के तहत दोनों बालिकाओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पात्र परिवारों को अंत्योदय राशन कार्ड, आवास योजना, स्वच्छ शौचालय योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है तथा सभी पात्र परिजनों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से दिलाया जाएगा। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा