बंगाल की जीत ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया : प्रकाश पाल
कानपुर, 09 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल की जनता ने भय, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त कर विकास और सुशासन के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज साकार हुआ है। गंगोत्री से गंगा सागर तक विकास की नई धारा बहेगी। यह बातें शनिवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने घंटाघर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और भाजपा सरकार के गठन के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कानपुर के ऐतिहासिक घंटाघर चौराहे पर भव्य उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत माता की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में बंगाल के प्रथम भाजपा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में भाजपा और व्यापार मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण अध्यक्ष शिव राम सिंह, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी और जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों पर पुष्प वर्षा कर जीत की बधाई दी।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद बंगाल की प्रसिद्ध पारंपरिक खाद्य सामग्री “झालमुड़ी” का वितरण भी किया गया। झालमुड़ी प्राप्त करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम स्थल पर लगातार “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
प्रकाश पाल ने कहा कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती थी और भाजपा सरकार बनने के साथ स्वर्णिम बंगाल का सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा, रोजगार, उद्योग और सांस्कृतिक गौरव को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध विपक्ष को भारी पड़ा और मातृ शक्ति ने उन्हें राजनीतिक रूप से जवाब दिया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, सुनील साहू, रमाशंकर अग्रहरि, व्यापारी नेता राहुल दीक्षित, सुधीर द्विवेदी, पारस नाथ शर्मा, प्रांजुल गुप्ता, अवध बिहारी शर्मा, सुरेश गुप्ता, नितेश सोनकर, कृष्णा तिवारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा और व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप