जौनपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा शुरू, 17,144 अभ्यर्थी हुए शामिल
जौनपुर,31 मई (हि.स.)। जौनपुर जिले में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 रविवार को जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा में कुल 17,144 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
परीक्षा शुरू होने से पहले कई केंद्रों पर अभ्यर्थी दौड़ते-भागते पहुंचे। दूरदराज के परीक्षा केंद्र आवंटित होने से परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई अभ्यर्थियों ने लंबी दूरी तय कर जौनपुर पहुंचने और ठहरने की समस्या को लेकर नाराजगी जताई।
लखनऊ से परीक्षा देने आईं अभ्यर्थी शीला पांडेय ने बताया कि वह अपनी ढाई वर्षीय बेटी के साथ करीब 250 किलोमीटर की यात्रा कर परीक्षा देने पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के साथ सफर करना काफी कठिन होता है और एक दिन पहले पहुंचने के बावजूद होटल उपलब्ध नहीं हो पाते। उन्होंने मांग की कि परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के नजदीक बनाए जाएं।
वहीं, अमरोहा से आए संदीप भारद्वाज ने कहा कि दूर केंद्र मिलने से महिलाओं और छात्राओं को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि सेंटर की सूचना परीक्षा से महज सात दिन पहले मिली, जिससे गर्मी के मौसम में रेल आरक्षण कराना मुश्किल हो गया। जौनपुर पहुंचने के बाद भी उन्हें घंटों तक ठहरने के लिए कमरा तलाशना पड़ा।
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में ही सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव