तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 20 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत मई माह में 159 व्यक्तियों तथा जून माह में अब तक 190 व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया गया है। वहीं सैकड़ों लोगों की काउंसलिंग कर निःशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी जरूरी है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जनपदवासियों से तंबाकू एवं धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों को छोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनपद में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार जनपद में तंबाकू नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान एवं कोटपा अधिनियम के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जा रही है। मई माह में 159 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 14,897 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि इस माह में 20 जून तक 190 व्यक्तियों पर करीब 15,500 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। यह कार्रवाई तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला सलाहकार तम्बाकू नियंत्रण डॉ. प्रशांत राजपूत ने बताया कि दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को तंबाकू की लत से मुक्त कराने हेतु परामर्श एवं उपचार की भी व्यवस्था की गई है। मई माह में लगभग 150 तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें तंबाकू छोड़ने हेतु आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गांवों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल