बीबीएयू और राइट्स लिमिटेड के बीच अवसंरचना विकास परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर

 


लखनऊ, 01 जुलाई (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) लखनऊ ने बुधवार काे विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों के लिए रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) लिमिटेड, जो रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एक नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम है, के साथ परियोजना प्रबंधन परामर्श (Project Management Consultancy–PMC) सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह एवं राइट्स लिमिटेड की ओर से ग्रुप जनरल मैनेजर अरुण कुमार जैन उपस्थित रहे।

इस समझौते के अंतर्गत लगभग 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विश्वविद्यालय परिसर में नए शैक्षणिक भवनों, छात्रावासों तथा अन्य संबद्ध आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं के योजना निर्माण, डिजाइन, निविदा प्रक्रिया (टेंडरिंग) एवं क्रियान्वयन के लिए राइट्स लिमिटेड परियोजना प्रबंधन परामर्श सेवाएं प्रदान करेगा। इस पहल से विश्वविद्यालय के भौतिक संसाधनों का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए आधुनिक एवं विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लगभग 200 करोड़ रुपये की प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के माध्यम से विश्वविद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का विकास होगा, जिससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को बेहतर शिक्षण और अनुसंधान वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राइट्स लिमिटेड के तकनीकी अनुभव और विशेषज्ञता से परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में और अधिक सशक्त पहचान मिलेगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से प्रतीक कुमार, धर्मेश कुमार एवं राइट्स लिमिटेड के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा