बीबीए-बीसीए सम सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म की अंतिम तिथि 21 अप्रैल तक बढ़ी
जौनपुर,18अप्रैल(हि.स.)।वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बीबीए और बीसीए सम-सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 अप्रैल कर दी है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन छात्र-छात्राओं को राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके थे।विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बीबीए एवं बीसीए सम-सेमेस्टर सत्र 2025-26 की परीक्षाएं 8 अप्रैल से प्रस्तावित हैं, जिसका विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह अंतिम अवसर है। जिन महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अब तक परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे 15 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच ऑनलाइन फॉर्म भरने, सत्यापन कराने तथा परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय सीमा के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि परीक्षा में शामिल होने में कोई परेशानी न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव