महादेवा मेला और कांवरियों के लिए बाराबंकी में यातायात डायवर्जन लागू
बाराबंकी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में महाशिवरात्रि पर श्री लोधेश्वर महादेव में लगने वाले फाल्गुनी मेला 2026 में श्रद्धालुओं की आने वाली भारी भीड़ को लेकर जनपद में 05 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू किया गया है। इस दौरान भारी एवं हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे आवागमन सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा पन हो।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि गुरुवार की रात 12 बजे से जिले में वाहनों के लिए रुट डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान लखनऊ से मसौली-रामनगर होते हुए गोण्डा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अयोध्या मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि बहराइच की ओर जाने वाले वाहनों को रेउसा-चहलारी घाट घाघरा पुल के रास्ते डायवर्ट किया गया है। इसी प्रकार लखनऊ-देवा-फतेहपुर मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को सीतापुर होते हुए बहराइच की ओर भेजा जाएगा।
हल्के एवं छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे स्थानीय आवागमन और आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। बहराइच एवं गोण्डा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चहलारी घाट होकर सीतापुर की ओर भेजा जाएगा, जबकि हल्के वाहन चौकाघाट-रामनगर-मरकामऊ-सफदरगंज मार्ग से गुजरेंगे।
एसपी ने बताया कि महादेवा मंदिर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की संख्या का प्रतिदिन आकलन कर आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन लागू करने की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस गश्त, पिकेट, मोबाइल ड्यूटी एवं पीआरवी वाहन तैनात किए गए हैं।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चार एम्बुलेंस, कुशल चिकित्सकों की टीम और जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैनात रहेंगी। साथ ही चौपुला एवं रामनगर तिराहे पर क्रेन की व्यवस्था भी की गई है। डायवर्जन के दौरान किसी भी आपातकालीन वाहन को नहीं रोका जाएगा। डायवर्जन का शक्ति से पालन करने को मातहतों को निर्देशित किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन कर सहयोग करें, जिससे मेला अवधि में आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी