मथुरा: हड़ताल से पहले रविवार को खुले बैंक, कर्मचारियों ने काली टीशर्ट पहनकर किया विरोध प्रदर्शन

 


मथुरा, 27 सितम्बर(हि.स.)। जिले में सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को जिले की बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली और कामकाज हुआ। बैंक कर्मचारियों के संगठनों ने सप्ताह में पांच दिन कामकाज समेत विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिनों की हड़ताल का ऐलान किया है। इसे देखते हुए रिजर्व बैंक ने रविवार को भी बैंक शाखाएं खोलने के निर्देश दिए ताकि ग्राहक हड़ताल से पहले अपने जरूरी बैंकिंग कार्य निपटा सकें। रविवार होने के बावजूद बैंक शाखाओं में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। बैंक कर्मचारियों के अनुसार बैंकिंग व्यवस्था का अधिकांश काम अब इंटरनेट आधारित हो चुका है। इसके चलते ग्राहकों को बैंक शाखाओं पर पहले की तरह निर्भर नहीं रहना पड़ता। लोग मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से भी कई जरूरी काम आसानी से कर लेते हैं।

बैंक कर्मचारियों ने बताया कि रविवार को बैंक खुले होने की जानकारी होने के बावजूद अधिकांश लोग छुट्टी के कारण घरों से बाहर नहीं निकले। यही वजह रही कि शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। हालांकि हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए कुछ ग्राहकों ने रविवार को बैंक पहुंचकर अपने जरूरी कार्य पूरे किए। तीन दिन की हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। ऐसे में रविवार को बैंक खोलने के निर्णय का उद्देश्य ग्राहकों को हड़ताल से पहले बैंकिंग कार्य निपटाने का अतिरिक्त अवसर देना रहा।

ब्लैक डे पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर काली टीशर्ट पहनकर किया विरोध

सरकार के निर्देश पर रविवार को सरकारी और ग्रामीण बैंक शाखाएं खोले जाने के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने ब्लैक डे (काला दिवस) मनाया। आगामी 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंक हड़ताल के कारण ग्राहकों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए रविवार को बैंक खोलने के आदेश दिए गए थे। हालांकि इस निर्णय से नाराज कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर काली टी. शर्ट पहनकर विरोध दर्ज कराया और कामकाज निपटाया। इंडियन बैंक की तिलक द्वार शाखा के प्रबंधक प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों ने रविवार को ड्यूटी लगाए जाने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार