श्रीबांकेबिहारी पहनेंगे लाखों रुपयों की पोशाक, चांदी की आरती से होगा स्वागत

 




मथुर, 02 सितम्बर(हि.स.)। वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर इस बार श्रीबांकेबिहारी मंदिर में विशेष और अलौकिक तैयारियां की जा रही हैं। ठाकुरजी के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है और मंदिर प्रबंधन से लेकर मंदिर के सेवायतों तक ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज इस बार दिल्ली के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार की गई विशेष पोशाक धारण करेंगे। मंदिर के सेवायत गौरव कृष्ण गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि आगरा की फर्म के माध्यम से दिल्ली में ठाकुरजी के लिए तीन नई भव्य पोशाकें तैयार कराई गई हैं। जरी और जरदोजी के काम से सजी पीले रंग की इन नग-जड़ित पोशाकों को एक दर्जन कारीगरों ने ढाई महीनों में तैयार किया है। ठाकुरजी चार सितंबर की सुबह, सायंकालीन सेवा और पांच सितंबर को नंदोत्सव के दौरान इन तीनों विशेष पोशाकों को धारण करेंगे। इसके अलावा, जोधपुर से खास धातु के कलात्मक खिलौने भी मंगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि साल में केवल दो बार होने वाले ठाकुरजी के महाभिषेक का विधान इस बार भी जन्माष्टमी की रात 12 बजे निभाया जाएगा। लगभग 20 मिनट तक चलने वाले इस महाभिषेक के लिए खास व्यवस्था की गई है। जिसमें 125 किलो दूध, 100 किलो दही, शुद्ध शहद, कश्मीर से मंगाई गई केसर और उत्तराखंड की खास जड़ी-बूटियां और महाअभिषेक के लिए विशेष धातु का कलात्मक कलश मंगाया गया है। ठाकुरजी की मंगला आरती के लिए विशेष रूप से चांदी की आरती लाई गई है। अभिषेक के बाद ठाकुरजी का बाल स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा, जिसमें वे पीतांबर (पीत वस्त्र) और सिर पर मोरपंख धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे।

कान्हा के जन्मोत्सव पर लगने वाले छप्पन भोग के लिए आगरा के ब्रज रसायन ग्रुप को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ठाकुरजी के लिए मेवा से बने 56 प्रकार के विशेष पकवान, पाग और कतली आगरा से तैयार होकर आ रहे हैं।

मथुरा और वृंदावन में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मथुरा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र को सुपर जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा भारी पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ के जवानों के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य बनाया गया है। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार