बांदा में चला विशेष सघन बैंक चेकिंग अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई जांच

 


बांदा, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के आदेश के क्रम में सोमवार को जनपद में विशेष सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही इनके आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों और खड़े वाहनों की गहन जांच की गई।

इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास होने वाली लूट, छिनैती, चोरी और टप्पेबाजी जैसी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। पुलिस टीमों ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बैंक शाखाओं और एटीएम का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन अलार्म सिस्टम, अग्निशामक यंत्र और आपातकालीन निकास मार्गों समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैंक और एटीएम प्रबंधन को 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।

अभियान के दौरान बैंक सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया गया कि बैंक आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और वाहन चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

वहीं, बैंक और एटीएम परिसरों के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों और वाहनों की भी गंभीरता से जांच की गई। संदिग्ध पाए गए लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया तथा उन्हें बिना किसी आवश्यक कारण के बैंक परिसर या उसके आसपास न रुकने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि यह विशेष अभियान जनपद में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से चलाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह