देश का सर्वाधिक गर्म जिला रहा उत्तर प्रदेश का बांदा, अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
प्रदेश में आगामी 25 अप्रैल तक उष्ण लहर/लू चलने की सम्भावना
लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश का जनपद बांदा मंगलवार को देश के सर्वाधिक गर्म स्थान के रूप में दर्ज किया गया है। यहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। बांदा बुंदेलखंड क्षेत्र में आता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान से मध्य प्रदेश तक बनी द्रोणिका का असर उत्तर-पश्चिमी हिस्सों तक सीमित हे जबकि शेष प्रदेश में शुष्क पछुआ हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और झांसी जैसे प्रमुख शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में दोपहर के समय 40-50 किमी/घंटा की गति से चल रही तेज हवाओं के कारण वायुमंडलीय विसरण बढ़ने से अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट के परिणामस्वरूप आज प्रदेश में उष्ण लहर (लू) की स्थिति हरदोई तक सीमित रह गई है|
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म हवाओं के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से आगामी 25 अप्रैल तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहने तथा तापमान में 2-3°C की संभावित बढ़ोत्तरी के दृष्टिगत प्रदेश में 25 अप्रैल तक उष्ण लहर/लू चलने की संभावना है| तदुपरांत एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 अप्रैल से बादलों की आवाजाही शुरू होने के साथ 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बूंदा बांदी के साथ सम्भावित हल्की वर्षा के दृष्टिगत तापमान में 2-3°C की गिरावट के कारण 26 अप्रैल से लू की स्थितियों में सुधार के बावजूद तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है|
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह