पारिवारिक विवाद में बलराम जी गैस एजेंसी निलंबित, अन्य एजेंसियों से जोड़े गये उपभोक्ता
फर्रुखाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित बलराम जी गैस वितरक की डीलरशिप अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। बुधवार काे यह कार्रवाई इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सक्षम अधिकारियों द्वारा पार्टनर देशदीपक के निधन के बाद उत्पन्न पारिवारिक विवाद के चलते की गई है। जानकारी के अनुसार, बलराम जी गैस एजेंसी के पार्टनर देशदीपक पुत्र स्व. छविराम के निधन के बाद उनके परिवार और अन्य साझेदारों के बीच मतभेद हो गए थे। इसके चलते गैस कंपनी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए डीलरशिप को फिलहाल निलंबित कर दिया है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए एजेंसी से जुड़े विभिन्न मोहल्लों को जिले के अन्य गैस वितरकों से अस्थायी रूप से संबद्ध किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित नए गैस वितरक से संपर्क कर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें और बुकिंग के बाद होम डिलीवरी के माध्यम से गैस प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar