बलिया में सनबीम स्कूल के बच्चों ने जानी पाॅक्सो एक्ट की बारीकियां

 


बलिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बलिया के सनबीम स्कूल में बुधवार को बच्चों की सुरक्षा और विधिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक अत्यंत महत्वपूर्ण 'पॉक्सो जागरूकता सत्र' का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंद्र प्रकाश तिवारी ने छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। सत्र के दौरान सचिव चंद्रप्रकाश तिवारी ने बच्चों को 'प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफ़ेंसेस' (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को आपातकालीन स्थितियों में तुरंत मदद प्राप्त करने के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी से समझाया। सत्र के दौरान बच्चों ने अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। सचिव ने बच्चों के सभी सवालों के बहुत ही सकारात्मक और सरल उत्तर दिए, जिससे उनकी शंकाओं का समाधान हुआ।

उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। इसके पहले कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने स्मृति चिन्ह तथा पुष्पगुच्छ के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए चन्द्रप्रकाश तिवारी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल पंकज सिंह, संतोष कुमार चतुर्वेदी, नीतू पांडे, शहर बानो और कोऑर्डिनेटर जयप्रकाश यादव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी