बलिया : दो छात्रों को इंस्पायर मानक अवार्ड 2026 में चयनित

 


बलिया, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सनबीम स्कूल के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित इंस्पायर मानक अवार्ड 2025-26 के लिए विद्यालय के 12वीं के छात्र आयुष सिंह व 11वीं के छात्र दीपक कुमार का चयन होने से हर्ष है। दोनों छात्रों को उनके नवाचार आधारित प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से 10 हजार की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। अब ये छात्र बलिया का प्रतिनिधित्व करते हुए मंडल एवं राज्य स्तर पर अपनी परियोजना का प्रदर्शन करेंगे।

इससे पूर्व भी विद्यालय के अनुपम मिश्र, अक्ष मिश्रा, गुनगुन वर्मा, अथर्व मिश्रा, सृष्टि गुप्ता ने यह अवार्ड प्राप्त कर विद्यालय के नाम को गौरवान्वित किया था। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर विद्यालय निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने शनिवार को प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष और दीपक की यह सफलता उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ ही स्कूल की उस शिक्षण पद्धति की जीत है जो रटने के बजाय 'नवाचार' पर जोर देती है। पिछले पांच वर्षों से लगातार हमारे छात्रों का 'इंस्पायर मानक अवार्ड' के लिए चयनित होना यह सिद्ध करता है कि हम सही दिशा में अग्रसर हैं। हमारा लक्ष्य केवल परीक्षार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि भविष्य के वैज्ञानिक और समस्या-समाधानकर्ता तैयार करना है।

इस सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मिली यह सफलता हमारे विद्यालय के लिए एक अनमोल उपहार है। आयुष और दीपक ने अपनी रचनात्मक सोच से यह सिद्ध कर दिया है कि जिज्ञासा ही विज्ञान की जननी है। उन्होंने आयुष और दीपक को उचित मार्गदर्शन देने के लिए विद्यालय के सीनियर कॉर्डिनेटर पंकज सिंह, उनके मेंटर नीरज सिंह और समस्त शिक्षकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी