चिकित्सकों की गिरफ्तारी के लिए युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास

 


बलिया, 17 अप्रैल (हि.स.)। एक निजी अस्पताल में पत्नी की मौत के बाद दर्ज मुकदमे में आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ित पति ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से उसे बाचा लिया गया।

उल्लेखनीय है कि शहर के एक निजी अस्पताल अपूर्वा नर्सिंग होम में करीब पच्चीस दिन पहले देवकली निवासी अनीषा राय की मौत हो गयी थी। इसमें डाक्टरों की कथित लापरवाही सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने सील कर दिया था। घटना के बाद से ही छात्र संगठन आंदोलित हैं। हालांकि अभी तक आरोपित डाक्टरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जिसे लेकर मृत महिला मरीज अनीशा राय के पति शिवांशु राय ने आत्मदाह की धमकी दी थी। पुलिस के दर्जनों जवान कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह से ही मुस्तैद थे। जैसे ही अनीषा राय के पति शिवांशु राय आरोपी डॉक्टरों की प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों के दबाव में गिरफ्तारी ना होने का आरोप लगाते हुए डीएम ऑफिस के सामने पहुंचे, पुलिस ने घेर लिया। जब तक वह अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कने लगा, उसे दबोच लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी