जनता को सिर्फ वादे मिले, विकास नहीं : सनातन पाण्डेय

 


बलिया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया लोकसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद सनातन पाण्डेय ने सोमवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता की। उन्हाेंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर विकास के दावाें काे लेकर सवाल उठाए हैं। सपा सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में देश की जनता को केवल ठगा गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्ता में आने से पहले हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने, प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने, हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई जहाज में सफर कराने तथा किसानों की आय दोगुनी करने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।

सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि विदेशों से काला धन वापस लाने का वादा भी अधूरा रह गया, जबकि नोटबंदी के बाद आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद देश में किसानों की आत्महत्याओं में वृद्धि हुई, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी रही।

सपा सांसद ने कहा कि आज देश को केवल चार लोग चला रहे हैं। दो लोग देश की संपत्तियां बेच रहे हैं और दो लोग उन्हें खरीद रहे हैं।

समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में विकास की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार नौ वर्षों में उस स्तर का कोई नया कार्य नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के नाम बदल सकती है, लेकिन समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की बराबरी नहीं कर सकती।

सांसद सनातन पाण्डेय ने घोषणा की कि यदि 30 अगस्त तक वर्तमान सरकार द्वारा घोषित परियोजनाएं पूरी नहीं होती हैं, तो समाजवादी पार्टी प्रत्येक अधूरी परियोजना स्थल पर क्रमवार एक-एक दिन का धरना-प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनेंद्र मिश्र 'मशाल', पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, जिला महासचिव बीरबल राम, प्रदेश सचिव शशिकांत चतुर्वेदी, प्रवक्ता सुशील पाण्डेय 'कान्हजी, राजकुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी