सपा सरकार में होता है तुष्टिकरण : दयाशंकर सिंह

 


बलिया, 05 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) जब भी सरकार में रही, वर्ग विशेष का तुष्टिकरण हुआ। सपाइयों के मुंह से सामाजिक सौहार्द्र की बातें अच्छी नहीं लगती। ये बातें प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शनिवार को बलिया में कही।

उन्होंने शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस टैक्स में पत्रकारों के सवालों के जवाब में सपा पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब सपा की सरकार थी, विशेष वर्ग को खुश करने के लिए सरयू नदी का पानी हिंदुओं के खून से लाल हुआ। ये किस मुंह से सद्भाव की बात करते हैं। बताएं किसी दूसरे धर्म के लोगों पर गोली चलवाए हों। दूसरी सरकारों में अपराधी डीजीपी कार्यालय में बैठते थे। बड़े से बड़ा अधिकारी विवश था। उन्होंने कहा कि सपा राज में सरकारी स्कूलों की हालत जर्जर हो गयी थी। वर्तमान सरकार ने स्कूलों का कायाकल्प किया। जहां बच्चे अधिक थे और शिक्षक नहीं थे वहां यह अनुपात ठीक किया गया। जहां बच्चे नहीं थे उन विद्यालयों का विलयन किया गया। बावजूद इसके उन भवनों का इस्तेमाल खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी के नेतृत्व में सरकार प्रदेश का विकास कर रही है। 13 एक्सप्रेस वे और 22 हवाई अड्डों का निर्माण किया जा रहा है। 40 लाख करोड़ के निवेश आ रहे हैं। भाजपा किसी का वर्चस्व नहीं और किसी का उपेक्षा नहीं की नीति पर चलती है। हमारी सरकार सभी के लिए काम कर रही है। सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर करवाई को लेकर कि यहां कानून का राज है। कानून की नजर में सब बराबर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी