बलिया में आरएसएस के पथ संचलन में दिखी हिन्दू एकता की झलक
बलिया, 18 मार्च (हि.स.)। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (वर्ष प्रतिपदा) एवं भारतीय नववर्ष की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बुधवार शाम को जिला मुख्यालय पर पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 21 सौ गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने संगठन की एकरूपता, अनुशासन एवं शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया।
नगर के तीन विभिन्न स्थानों से प्रारम्भ हुए संचलन में स्वयंसेवक निर्धारित स्थलों पर एकत्रित हुए। तीनों स्थानों से संचलन एक साथ प्रारम्भ होकर चित्तू पांडेय चौराहा व रेलवे स्टेशन से होते हुए लक्ष्मीराज देवी इंटर कॉलेज के मैदान में पहुँचा। जहां कार्यक्रम का समापन बौद्धिक सत्र के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गोरक्ष प्रान्त के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत ने भारतीय नववर्ष के सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का नाम लेते ही विश्व के मानस पटल पर विशिष्ट पहचान उसकी आध्यात्मिकता, संस्कृति और जीवन दर्शन स्वतः उभर आता है। आज हम सभी भारतीय नववर्ष की पूर्व संध्या पर एकत्रित हुए हैं। यह अवसर केवल एक तिथि परिवर्तन का नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं के पुनर्स्मरण का भी है।
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से भारतीय नववर्ष का आरम्भ होता है। यह दिन अनेक दृष्टियों से अत्यंत पावन और ऐतिहासिक है। मान्यता है कि इसी दिन ब्रह्माजी ने सृष्टि की रचना की थी। भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के लिए भी इसी दिन का चयन किया गया। भगवान झूलेलाल का जन्म भी इसी दिन हुआ था। इसी तिथि को आर्य समाज की स्थापना हुई और विक्रम संवत का प्रारम्भ भी इसी दिन से माना जाता है। साथ ही, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार का जन्म भी इसी पावन दिवस पर हुआ था। कहा कि भारतीय नववर्ष नवजीवन, नवचेतना और नवीन ऊर्जा का प्रतीक है। भारतीय कालगणना केवल समय बताने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
इसके पहले कार्यक्रम में अमृत वचन संतोष, एकल गीत हरनाम व प्रार्थना सौरभ द्वारा कराया गया। मंच पर सह जिला संघचालक डॉ. विनोद, नगर संघचालक परमेश्वरनश्री आदि थे। कार्यक्रम में अम्बेश, अखिलेश्वर, प्रवीण, सौरभ पांडेय, मारुति नंदन, अनुज सरावगी, निधेश अग्रवाल, धर्मेंद्र सिंह, अनिल सिंह, ओमप्रकाश, संजय कश्यप, चंदन, संतोष तिवारी, मुख्य शिक्षक चंद्रशेखर व जिला प्रचार प्रमुख उमेश ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरज गुप्ता व संचालन अरूण मणि ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी