राजकीय सम्मान के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का हुआ अंतिम संस्कार, हजारों लोगों ने नम आंखों से दी विदाई

 






बलिया, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रामगोविंद चौधरी का अंतिम संस्कार गंवई परंपरा और पूरे राजकीय सम्मान के साथ रविवार को उनके पैतृक गांव में किया गया। स्व. चौधरी के अंतिम दर्शन के लिए सभी दलों के नेता, कार्यकर्ता और आमजन सरयू के किनारे गोंसाईंपुर में उमड़ पड़े। मुखाग्नि उनके पुत्र रंजीत चौधरी ने दी।

लम्बी बीमारी के बाद शुक्रवार को लखनऊ के पीजीआई में समाजवादी नेता रामगोविन्द चौधरी का निधन होने के बाद शनिवार को उनका पार्थिव शरीर गोसाईंपुर पहुंचा था। रविवार सुबह से ही अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए बलिया के हर क्षेत्र से लोग आने लगे थे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक व पूर्व मंत्री पहुंचने लगे थे। सपा के बुजुर्ग नेता रामगोविंद चौधरी का अंतिम दर्शन करने को बड़ी संख्या में युवा भी पहुंचे थे जो उनकी लोकप्रियता को दर्शा रहा था। वैदिक रिवाजों को पूरा करने के बाद उनका पार्थिव शरीर कुछ देर के लिए घर के बाहर रखा गया। जहां एसडीएम सिकंदरपुर और पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में जवानों ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ आनर दिया। इस दौरान आसपास का माहौल गमगीन हो गया। लोगों द्वारा रामगोविंद चौधरी अमर रहें के नारे लगाए जा रहे थे। इसके बाद उनके पैतृक घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बगीचे तक शवयात्रा निकाली गयी।

शवयात्रा में अपने प्रिय नेता को कंधा देने के लिए होड़ दिखी। सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक संग्राम सिंह यादव, मो रिजवी, जयप्रकाश अंचल, अंबिका चौधरी, राजधारी सिंह, दुर्गा प्रसाद यादव, सुनील मौर्य समेत अन्य दलों के नेताओं ने भी चौधरी के शव को कंधा दिया। अंत्येष्टि स्थल पर देर तक हजारों लोग जमे रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी