बलिया के निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, ओटी सील
बलिया, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में निजी अस्पतालों में मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक सप्ताह के अंदर पूर्वांचल हॉस्पिटल और अपूर्वा हॉस्पिटल में हुई मौतों से मचा बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती स्थित आकाश नर्सिंग होम में एक प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। देर शाम प्रशासन ने अस्पताल में पहुंच कर ओटी को सील कर दिया।
सुखपुरा के हनुमानगंज पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित आकाश नर्सिंग होम से महिला की मौत का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि आकाश नर्सिंग होम में सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी कुसुम राजभर (22) पत्नी दीनबंधु राजभर की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। वहीं नवजात शिशु अस्पताल में ही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया। कुसुम को बुधवार की सुबह करीब 10 बजे आशा बहू द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुसुम के साथ उसकी सास भी थी। रात करीब नौ बजे उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के तुरंत बाद ही हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। जहां वाराणसी पहुंचते ही प्रसूता को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि आकाश नर्सिंग होम में ही लापरवाही से कुसुम की मौत हो गयी थी। जिसके बाद जानबूझकर उसे रेफर कर दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरूवार को अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले को सम्भालने में जुटी है।
मृतका के परिजन जिन्होंने कुसुम को आकाश नर्सिंग होम में भर्ती कारवाया था, आरोप लगाया कि 20 हजार नकदी लिया गया। बच्ची पैदा हुई। प्रसूता को वाराणसी भेजा गया और मौत हो गई।
वहीं, आकाश नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ जांच करने आए डॉ. अभिषेक मिश्र ने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में और अपर मुख्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र दास की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम आई है। हम लोगों ने पूछताछ किया तो पता चला कि प्रसूता बुधवार को भर्ती हुई थी। रात नौ बजे ऑपरेशन हुआ था, उनकी मृत्य आकाश नर्सिंग होम से रेफर करने के पश्चात हुई है। ऐसा आकाश नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉ. हेमंत के द्वारा बताया गया। ऑपरेशन से संबंधित अभिलेख वगैरह जब मांगे गए तो आकाश नर्सिंग होम प्रबंधक द्वारा अभिलेख प्रस्तुत नहीं करवाया गया। अनियमितताओं के अंतर्गत चिकित्सालय में संचालित ओटी, एसएनसीओ, वार्ड, ओपीडी को स्वास्थ्य टीम द्वारा सील कर दिया गया है। उधर, सीओ सदर राकेश सिंह ने बताया कि महिला की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी