बलिया में अधिकारियों ने परोसा ट्रेनी सिपाहियों को पारम्परिक 'बड़ा खाना'

 


बलिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ट्रेनिंग ले रहे 343 आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह के उपलक्ष्य में बुधवार की रात पुलिस लाइन में पारम्परिक बड़ा खाना का आयोजन किया गया। ग्यारह महीने के कठिन प्रशिक्षण के बाद नए आरक्षियों ने पुलिस के बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में लजीज व्यंजनों का लुत्फ लिया।

पुलिस लाइन में ट्रेनिंग ले रहे आरक्षियों के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में 26 अप्रैल को होने वाले दीक्षांत परेड से पूर्व बड़ा खाना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनके लगभग 11 माह के कठिन एवं अनुशासित प्रशिक्षण की सराहना की।

इस दौरान उन्हें भविष्य में अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा के मूल्यों, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा की भावना को सदैव सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। इस दौरान अधिकारियों ने खुद ही रिक्रूट आरक्षियों को भोजन परोसकर उनका उत्साहवर्धन किया। सभी अधिकारियों एवं रिक्रूट आरक्षियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। जिससे जवानों में काफी उत्साह देखने को मिला।

कठोर प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत ये रिक्रूट आरक्षी शीघ्र ही आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में सम्मिलित होकर उत्तर प्रदेश पुलिस बल का अभिन्न अंग बनेंगे।

एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि जनपद पुलिस की ओर से इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजनों के माध्यम से नवप्रशिक्षित आरक्षियों का मनोबल बढ़ाने, उनमें संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने तथा सकारात्मक एवं अनुशासित कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी