झोपड़ी मुक्त होगा बलिया, पात्रों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ : जिलाधिकारी
-नवागत डीएम ने गिनाईं प्राथमिकताएं, दुकानदारों को डस्टबिन के लिए एक सप्ताह की मोहलत
बलिया, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के नवागत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में जिले के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर प्रशासन की प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और बलिया को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले को झोपड़ी मुक्त बनाने के लिए पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। ग्राम सचिवों को पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। योजनाओं की जानकारी कॉमन सर्विस सेंटरों और ग्रामीण क्षेत्रों में पंपलेट के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक दुकानदार के पास डस्टबिन होना अनिवार्य होगा। इसके लिए एक सप्ताह की मोहलत दी गई है। इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था शुरू करने के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइट लगाने को भी कहा गया है।
जनसुनवाई में प्रतिदिन सीएमओ के कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का मौके पर समाधान कराया जा सके। 70 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। आईजीआरएस और राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी सरकारी स्कूल में बच्चे जमीन पर बैठकर न पढ़ें। तीन माह के भीतर विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था कराने का लक्ष्य रखा गया है। दो अक्टूबर को माल्देपुर से कदम चौराहा तक डिवाइडर पर पौधरोपण कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी