बलिया : शादीशुदा प्रेमी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

 


बलिया, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार को अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई। जहां प्यार में पागल एक महिला अपने शादीशुदा प्रेमी से मिलने के लिए एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और महिला को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी होते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई लेकिन सारी मान-मनौव्वल के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि इस दौरान पुलिस ने कई बार उसके मोबाइल पर फोन कर बात किया लेकिन वह अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही।

उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगा निवासी सौरभ बिंद की शादी 2006 में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लिलकर में हुई थी। चर्चा है कि सौरभ बिहार के डेहरी ऑन सोन में रह कर प्राइवेट काम करता था। उसी दौरान उसकी पहचान पूनम से हो गई और दोनों करीब आ गए। चर्चा है कि सौरभ और पूनम बीते चार साल से वहां एक साथ रहते हैं। पूनम शादीशुदा और उसका पति ट्रक ड्राइवर है।

इस बीच सोमवार को सौरभ पूनम को बिना बताए देहरी से घर चला आया। इसकी जानकारी होते ही पूनम भी वहां से शाहपुर अफगा पहुंच गई। लेकिन जब सौरभ वहां नहीं मिला तो वह सीधे उसकी ससुराल लिलकर पहुंच गई और परिजनों से सौरभ के बारे में जानकारी मांगी तो किसी ने उसकी जानकारी नहीं दी। यह देख वह बगल में स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और डॉयल 112 को स्वयं इसकी सूचना भी दे दी।

इसके पहले की वहां पुलिस पहुंचती ग्रामीणों को काफी भीड़ जुट गई। थाने की पुलिस ने अपने स्तर से समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी देर तक लड़की को समझाने-बुझाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद भी जब सफलता नहीं मिली तो पुलिस सौरभ के ससुर रायबहादुर बिंद को अपने साथ लेकर थाने चली गई। वहीं, सूचना के आधार पर सौरभ को लिलकर दियारे में पुलिस ढूंढ रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला मोबाइल टावर से उतरी नहीं थी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी