प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर छापा, निजी कंपनियों की दवाइयां बरामद

 


बलिया, 01 जून (हि.स.)। जनपद में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ड्रग इंस्पेक्टर ने शहर के एक जन औषधि केंद्र पर सोमवार को छापेमारी कर लाखों रुपये की निजी कंपनियों की दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान केंद्र से 28 प्रकार की बाहरी दवाइयां मिलने पर दुकान पर दवाओं की बिक्री रोक दी गई है।

ड्रग इंस्पेक्टर रजत पांडेय ने बताया कि विभाग को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि जन औषधि केंद्र पर निर्धारित दवाओं के बजाय बाहरी निजी कंपनियों की दवाइयां बेची जा रही हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में बाहरी दवाइयां बरामद हुईं। उन्होंने कहा कि बरामद दवाओं की सैंपलिंग कर जांच के लिए भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जन औषधि केंद्र के संचालक सत्येंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत मिलने वाली कई आवश्यक दवाओं की लंबे समय से कमी बनी हुई है। मरीजों की जरूरत को देखते हुए बाहर से दवाइयां मंगाई गई थीं। उन्होंने दावा किया कि केवल उनके केंद्र पर ही नहीं, बल्कि जिले के कई अन्य जन औषधि केंद्रों पर भी इसी प्रकार की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल विभागीय कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी