बलिया : हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत
बलिया, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरूवार सुबह खेत गए पिता-पुत्र हाइटेंशन (एचटी) लाइन के तार की चपेट में गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। इस सूचना पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई और कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, सहपुरवा गांव निवासी जनार्दन यादव (५८) अपने एकलौते पुत्र राजेश यादव (२४) के साथ आज सुबह खेत गये थे। जहां बिजली का 11 हजार वोल्ट का हाइटेंशन तार टूटा पड़ा था। खेतों में पड़े तार की चपेट में राजेश यादव आ गया। बेटे को बचाने के लिए पिता जनार्दन यादव भी करंट की चपेट में आ गए और दोनों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मृतक राजेश पुलिस एसआई की परीक्षा पास कर चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और जाम लगा दिया गया।
घटना की खबर लगते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गए और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया। तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह व थानाध्यक्ष बांसडीह रोड मौके पर पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि विद्युत विभाग का जो भी अधिकारी और कर्मचारी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जायेगा। इसके बाद विधायक केतकी सिंह भी मौके पर पहुंच गई और घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही इसकी सूचना विद्युत विभाग के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा सहित बिजली विभाग के आलाधिकारियों को दी।
बांसडीह रोड थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि मृतक की पुत्री सीमा यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी