बलिया : मुंडन संस्कार में शामिल होने आए चार बच्चे गंगा नदी में डूबे, तीन के माैत, एक की तलाश जारी

 


बलिया, 03 मई (हि.स.)। बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) केे पास गंगा नदी में रविवार की सुबह मुंडन संस्कार के दौरान दो किशोरियों समेत चार युवक-युवती डूब गये। स्थानीय गोताखोरों और गोरखपुर से आयी एसडीआरएफ टीम की मदद से तीन के शव बरामद कर लिए गए। जबकि एक की तलाश अभी भी जारी है।

चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के घर से मुंडन संस्कार के लिए लोग बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पर रविवार की सुबह पहुंचे थे। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। इसी बीच, स्नान करते वक्त चार लड़कियां डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए लोग नदी में कूदे। लेकिन बचाने के चक्कर में दो युवक भी डूब गये। हालांकि डूब रहीं चार में से दो युवतियों को बचा लिया गया। गंगा में डूबे अर्जुन चौहान (20) पुत्र मुरारी चौहान, अरुण चौहान (19) पुत्र मोहन चौहान, हर्षिता चौहान (17) पुत्री अजीत चौहान निवासी रामपुर भोज रतसड गड़वार और नन्दिता चौहान (14) पुत्री अजीत चौहान की जानकारी मिलते ही गंगा किनारे हड़कम्प मच गया। नाते-रिश्तेदारों के साथ ही घर वालों में चीख-पुकार मच गयी।

सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों के माध्यम से तलाश कराने में जुट गयी। डीएम एमपी सिंह व एसपी ओमवीर सिंह भी मौक़े पर पहुंच गए। अधिकारियों ने गोरखपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलायी। एसपी ओम वीर सिंह ने बताया कि सभी के प्रयास से गंगा में डूबे चार में से हर्षिता, अरुण व नंदिता के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि अर्जुन चौहान के शव की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी