जी राम जी योजना की मॉनिटरिंग एआई तकनीक से होगी : दयाशंकर मिश्र

 


बलिया, 10 जनवरी (हि.स.)। विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (जी राम जी) की मॉनिटरिंग एआई तकनीक से होगी।साथ ही इस पर मोबाइल से भी नजर रखी जा सकेगी। यह बातें जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू ने शनिवार को पत्रकारों से कही।

प्रभारी मंत्री जीराबस्ती स्थित भाजपा कार्यालय में हाल ही में लागू हुए विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (जी राम जी) के बारे में जानकारी दे. रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।

श्री मिश्र ने कहा कि कांग्रेस के समय में मनरेगा आया, लेकिन यह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। बड़े पैमाने पर गड़बड़झाला किया गया। जांच में करोड़ों रुपए का खेल कर दिया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमिकों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। जी राम जी योजना से कांग्रेस के साथ साथ अन्य विपक्षियों के पेट में दर्द शुरू हो गया है। कांग्रेस के जमाने में सिर्फ परिवार व पार्टी का विकास हुआ।

उन्हाेंने कहा कि जी राम जी योजना श्रमिकों को सुरक्षित करने के लिए लाया गया है। विकसित गांव से ही विकसित भारत का निर्माण होगा। इस योजना में श्रमिक को वर्ष में 125 दिन में काम मिलेगा जबकि पहले मनरेगा में 100 दिन काम मिलता था। इस योजना में मजदूर को साप्ताहिक रूप से सीधे उनके खाते में पारिश्रमिक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि यह कानून सिर्फ कानून नहीं बल्कि भविष्य देता है। देश को 2045 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है और यह तभी संभव होगा जब ग्राम सभाएं भी विकसित होंगी। इसी के चलते सरकार ने विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (जी रामजी) अधिनियम बनाया है। इस योजना के जरिए गांव का विकास स्मार्ट शहरों की तरह हो सकेगा। यह कांग्रेस के समय की मनरेगा से कहीं अलग है। विपक्षी पार्टियां राम जी का नाम लेना नहीं चाहती। प्रेस वार्ता में विधायक केतकी सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह, आलोक शुक्ला, मनोरमा गुप्ता, अरुण सिंह बन्टू आदि माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी