बलिया में किराना स्टोर में लगी आग, मां-बेटे की जल कर मौत , जान बचाने छत से कूदा पिता घायल
बलिया, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलकहर बाजार में किराना दुकान में साेमवार की भाेर में करीब दाे बजे के बाद लगी भीषण आग में मां-बेटे जिन्दा जल गए जबकि पति जान बचाने की कोशिश में ऊपरी मंजिल से कूद गया। जिससे वह घायल हो गया। सोमवार की भोर में करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। चिलकहर बाजार में नीरज चौरसिया किराना की होलसेल दुकान चलाते हैं। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार रहता था। साेमवार के भाेर में करीब दो बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। दुकान से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं होने की वजह से नीरज चौरसिया की पत्नी रिंकी चौरसिया (25) तथा पांच वर्षीय बेटा धीरज आग में फंस गए जिससे उनकी दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, नीरज चौरसिया छत से कूदकर बाहर निकले, लेकिन उनका पैर टूट गया। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बलिया में भर्ती कराया गया है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात हैं। अभी भी धुंआ निकल रहा है। किराना व्यापारी नीरज के पिता का अभी पता नहीं चल सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी