डबल इंजन की सरकार में धीमी न हो विकास की रफ्तार : नारद राय

 


बलिया की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व मंत्री नारद राय ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

बलिया, 19 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री नारद राय ने फेफना विधानसभा क्षेत्र समेत जिले की प्रमुख समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी को 25 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य हो रहे हैं, लेकिन बलिया में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की गति धीमी है, जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मेडिकल कॉलेज, जेल स्थापना, निर्माणाधीन जननायक चंद्रशेखर स्पोर्ट्स कॉलेज तथा जिला अस्पताल समेत सीएचसी-पीएचसी के सुदृढ़ीकरण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में गंदगी, कूड़ा निस्तारण और खराब जेसीबी मशीनों की मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई गई।

नारद राय ने शहर की विद्युत व्यवस्था सुधारने, लोहिया बाजार निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा जलजीवन मिशन के तहत खोद कर छोड़ी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग भी की। उन्होंने फेफना विधानसभा क्षेत्र में सोहांव ब्लाक में मंगई नदी से जुड़े ड्रेनों की सफाई, जर्जर विद्युत तार व खंभे बदलने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र भी थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी