बलिया में बकरीद पर मस्जिदों में अकीदत के साथ अता की गयी नमाज

 


बलिया, 28 मई (हि.स.)।बलिया में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर गुरुवार को मस्जिदों में पूरे अकीदत से नमाज अता की गयी। इस दौरान भाईचारे का संदेश देते हुए लोगों ने एक दूसरे को गले लगाया।

जिले में लगभग साढ़े तीन सौ स्थानों पर बकरीद पर मुस्लिम बंधुओं ने नमाज अता की। इसको लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड पर रहा। जिले के 31 संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा जिले की 221 मस्जिदों और 130 ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने मुस्लिम इलाकों में जा कर लोगों को मुबारकबाद दी। जिला मुख्यालय पर बिशुनीपुर और बहेरी स्थित ईदगाह पर भारी संख्या में मुस्लिम बंधुओं के जुटने को देखते हुए एनएच पर पुलिस बल तैनात किया गया था। उधर, शहर की बड़ी मस्जिद पर भी बकरीद को लेकर उत्साह देखा गया। मुस्लिम महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे नए कपड़ों में एक दूसरे के घर जाकर भी मुबारक बाद दे रहे थे। लोग सेवई की मिठास के साथ बकरीद पर अमन चैन की दुआएं मांग रहे थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी