कार्तिक पूर्णिमा स्नान : बलिया में आठ लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

 


बलिया, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में लगने वाले प्रसिद्ध, ऐतिहासिक और पौराणिक ददरी मेले से पहले कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए आठ लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारी की है। मंगलवार को मुख्य स्नान पर्व से पहले सोमवार को डीएम और एसपी ने तैयारियों को अंतिम रूप से परखा।

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही ददरी मेला महर्षि भृगु के शिष्य दर्दर मुनि (दर्दर मुनि) के सम्मान में शुरू हुआ, जिन्होंने सरयू नदी की जलधारा को बलिया में गंगा से मिलाया था। इसी संगम पर हर वर्ष लाखों लोग स्नान करते हैं। यूपी के पूर्वांचल के जिलों के अलावा बिहार के कई जनपदों से श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं। इस बार भी प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है। पूरे मेला क्षेत्र को कई जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। एनडीआरएफ, डाग स्क्वायड और बम डिस्पोजल दस्ता तैनात किए गए हैं।

एसपी डा. ई राजा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक में कार्तिक पूर्णिमा पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने और वाहनों को चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने को कहा। साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने लगभग सौ एकड़ में फैले ददरी मेला परिसर में बने पुलिस बैरक, मेस, बम डिस्पोजल दस्ता और डॉग स्क्वायड का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी