बलिया में सातवीं चंद्रशेखर हाफ मैराथन का लोगो लांच, की गयी तैथरियाें की समीक्षा
बलिया, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर की स्मृति में 19 अप्रैल को होने वाली सातवीं हाफ मैराथन का लोगो गुरुवार को देर शाम राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने अपने आवास 'झोपड़ी' पर चंद्रशेखर मैराथन समिति के सदस्यों की मौजूदगी में लांच किया। इस अवसर पर अब तक की गयीं तैयारियाें की समीक्षा भी की गयी।
पटपर (पचखोरा) स्थित शारदा पेट्रोल पंप से जिला मुख्यालय स्थित वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम तक 21.1 किमी दूरी वाले इस मैराथन की सफलता को लेकर गुरुवार देरशाम हुई बैठक में विभिन्न समितियों के गठन को अंतिम रुप दिया गया। लेखा समिति, उद्घाटन समिति, व्यवस्था समिति व समापन समिति से लेकर खिलाड़ियों को रिसीव करने व उनके ठहरने के इंतजामों पर व्यापक चर्चा हुई। काफी देर तक चर्चा के बाद आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी गयी। आयोजन समिति के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि चंद्रशेखर हाफ मैराथन की चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री की गरिमा और वैश्विक खिलाड़ियों के आगमन को देखते हुए इस बार के आयोजन को भव्य रुप देना है।
चंद्रशेखर मैराथन समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने पूरे आयोजन की रुपरेखा सबके सामने प्रस्तुत किया। तकनीकी विशेषज्ञ पंकज सिंह ने खिलाड़ियों के पंजीकरण और उनकी बड़ी संख्या में सहभागिता को लेकर तकनीकी चर्चा किया। इस अवसर पर राघव सिंह, बिजेंद्र राय, रियाजुद्दीन राजू, धर्मवीर सिंह, शिवजी राय चन्देल, मानवेन्द्र सिंह, इफ्तेखार खां, राकेश सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, रुस्तम अली, उमेश सिंह, संतोष सिंह, अजय सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, रणजीत सिंह मंटू, धीरेन्द्र राय , अजय सिंह, सिद्धार्थ शंकर, नीशू श्रीवास्तव, मनोज शर्मा, बृजेश सिंह, पंकज राय, आशीष त्रिवेदी, भवतोष पाण्डेय, विरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र प्रताप सिंह हर्षदेव राम, अविनाश सिंह , डा. प्रवीण सिंह आदि उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता सुधीर कुमार सिंह ने की जबकि संचालन अजीत सिंह ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी