मुख्य चुनाव आयुक्त का जेल जाना जरूरी : संजय सिंह
आप सांसद ने सीईसी को वोट चोरी का जिम्मेदार बताया
बलिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार काे कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर ज्ञानेश कुमार के जरिए वोट चोरी करवाने का आरोप लगाया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामगोविन्द चौधरी की तेरहवीं संस्कार में शुक्रवार को गोसाईंपुर पहुंचे संजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि अभी हाल ही में यूपी में तेरह लाख वोट बढ़ा दिये गए, जिनके बारे में कोई नहीं जानता। इसी तरह बिना कारण 65 हजार वोट काट दिए गए। देश और प्रदेश में यह क्या चल रहा है। यह चुनाव है या मजाक। यूपी में तो अभी तीन महीने बाद चुनाव होने हैं। इन तीन महीनों में ये लोग क्या-क्या खेल करेंगे। अगर इसी तरह चुनाव होगा तो बाकी उन पार्टियों का क्या हश्र होगा। इसलिए मुझे लगता है कि ज्ञानेश कुमार को जेल होना चाहिए। उन्होंने ममता बनर्जी द्वारा सीजेपी के प्रदर्शन को समर्थन देने के सवाल पर कहा कि हम भी वोट चोरी के सवाल पर सीजेपी के साथ हैं। मैं ये मानता हूं कि हर वो पार्टी सीजेपी के साथ हैं जो यह मानती हैं कि देश में वोट चोरी हो रहा है।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन पर भी सवाल उठाया। कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को सीईसी की चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। यह सब देश की जनता देख रही है। संजय सिंह ने ज्ञानेश कुमार पर कई अन्य आरोप लगाए। कहा कि केरल में रहते 2006 में ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी