दयाशंकर मिश्र ने बलिया में आयुष विंग चिकित्सालय का किया लोकार्पण
बलिया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। बलिया के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने सोमवार को जिला अस्पताल में बने आयुष विंग चिकित्सालय का लोकार्पण करने के बाद आयुर्वेद, योग, नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्धा व होम्योपैथी के महत्व को बताया।
प्रभारी मंत्री ने होम्योपैथी और आयुर्वेद का जिक्र किया और कहा कि होम्योपैथी के जनक डॉक्टर हेनीमैन हैं। यह 270 साल पुरानी इलाज की पद्धति है, जो बहुत ही कारगर है। उन्होंने कहा कि विश्व में आयुर्वेद का जनक धनवंतरी को माना जाता है। यह अथर्ववेद का एक उपवेद है, जिसमें सभी प्रकार की आयुर्वेदिक औषधियों का वर्णन किया गया। सुश्रुत को सर्जरी का जनक माना जाता है। योगा को विश्व स्तर के सभी देशों द्वारा अपनाया गया है।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि आयुष की चिकित्सा से रोगों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इस प्रकार से रोगों के इलाज में समय जरूर लगता है लेकिन वह हमेशा के लिए खत्म भी हो जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस चिकित्सालय के चालू हो जाने से जनपद के लोगों के लिए इलाज की सुविधा बढ़ जाएगी। मैं उम्मीद करता हूं कि इस चिकित्सालय से संबंधित डॉक्टर अपना काम अच्छे से करेंगे, जिससे आयुष विंग चिकित्सालय की सार्थकता सिद्ध हो सके। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सालय अधीक्षक सुजीत कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव और नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/बृजनंदन