कलशयात्रा के साथ चार दिवसीय श्री बालाजी जन्मोत्सव का शुभारम्भ
मुरादाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। श्री बालाजी सेवा समिति मुरादाबाद द्वारा चार दिवसीय श्री बालाजी जन्मोत्सव बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हो गया। जगतगुरु जगदाचार्य साध्वी राघवेंद्री महाराज के सानिध्य में चार दिवसीय श्री बालाजी जन्मोत्सव का आयोजन होगा। कलश यात्रा में शामिल झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।
कलश यात्रा हरपाल नगर स्थित राजाराम धर्मशाला से बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुई, जो प्रभात मार्केट, महबुल्लागंज, कटघर बीच होते हुए होली के मैदान स्थित श्री बालाजी दरबार पहुंची। कलश लिए 251 महिलाएं भगवा व पीताम्बर वस्त्रों में भगवान के भजनों पर नाचते-गाते चल रही थीं। कलश यात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत अभिनंदन हुआ। बजरंग बली और श्री बालाजी के जयकारों से पूरा वातावरण राममय हो गया। शोभायात्रा में भगवान गणेश, राम दरबार, राधाकृष्ण और श्री बालाजी की झांकियों ने सभी को आकर्षित किया। कलशयात्रा का प्रभात मार्केट पर महापौर विनोद अग्रवाल एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल ने परिवार के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
श्री बालाजी दरबार में आचार्य प्रदीप कुमार ओझा ने पूजन कराकर कलश स्थापना कराई। जहाँ रामायण का अखंड पाठ आरंभ किया गया। मुख्य यजमान शिल्पी अग्रवाल एवं गौरव अग्रवाल रहे। कलश यात्रा व्यवस्था में उपमहंत रवि राघव सहित समिति के महामंत्री आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद कुलदीप नारायण सिंह, नितिन अग्रवाल, राजेश रस्तोगी, सत्येंद्र सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, रुद्र राघव, संदीप परमार, धीरज ठाकुर, धर्मेश भदोरिया, संतोष शर्मा, मनीष अग्रवाल, मनीष रस्तोगी, नवनीत चौहान, मयंक माथुर, नीलम रस्तोगी, मीरा परमार, श्याम लाल उस्ताद, अनुराग अग्रवाल, अंजू राघव, रीता सिंह, गुंजन अग्रवाल, उषा राठौर, शारदा सैनी, मधु रस्तोगी, लक्ष्मी व गीता रस्तोगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल